Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :रामगढ़ जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पतरातु थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे राहुल दुबे गैंग के सात सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय अपराधी गिरोहों पर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें :धनबाद में भीषण गर्मी का कहर, 47 डिग्री तापमान ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि हाल के महीनों में इलाके में गोलीबारी और रंगदारी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। 25 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी पतरातु इलाके में जमा होकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की मदद से इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन, एहतेसान अंसारी उर्फ दुलर्भ और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कई फायरिंग मामलों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पतरातु रेलवे फ्लाईओवर गेट, ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के बाहर हुई फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और उसके निर्देश पर काम करते थे। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 7.62 एमएम का एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 34 जिंदा गोलियां, दो टीवीएस, अपाचे बाइक, एक स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक विकास साव और दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन पर रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और यूएपीए समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं बिटु कुमार रवि पर भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के केस पहले से चल रहे हैं। इस मामले में पतरातु थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
Reporter | Samachar Post