Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम अपराधियों ने बिजली विभाग के एक लाइनमैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना कर्रा के पदमपुर गांव की है, जहां हमले में लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में कार्यरत हेरमन हेरेंज सोमवार शाम करीब सात बजे गांव में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी।
रीढ़ में लगी गोली, हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली हेरमन हेरेंज की रीढ़ में जा फंसी। गंभीर रूप से घायल लाइनमैन को इलाज के लिए नगड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस लगातार छानबीन कर रही है।एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र दौरे पर महिला एवं बाल विकास समिति, कल्पना सोरेन ने साझा की तस्वीरें
जमीन विवाद को लेकर जांच तेज
ऋषभ गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। कुछ दिन पहले विवादित जमीन को लेकर गांव में ग्राम सभा भी आयोजित की गई थी, जिसमें हेरमन हेरेंज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। पुलिस अब ग्राम सभा में शामिल लोगों और विवाद से जुड़े पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी तेज कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।