Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची के कांके थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप संचालकों के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। एएसपी सह कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने साफ कहा है कि ईंधन की कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी करने या सप्लाई रोकने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह कदम संभावित ईंधन संकट और अफवाहों को देखते हुए उठाया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
यह भी पढ़ें :शादी से इनकार पर प्रेमी ने युवती को मारी गोली, रिम्स में इलाज के दौरान मौत
स्टॉक छिपाने पर होगी सख्त कार्रवाई
जारी निर्देश में सभी पेट्रोल पंप संचालकों को नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति जारी रखने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद सप्लाई रोकी जाती है या कृत्रिम कमी पैदा की जाती है, तो इसे दंडनीय अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और पेट्रोलियम अधिनियम 1934 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी पंपों को उपलब्ध स्टॉक और सरकारी दरों की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।
बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल
सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है। निर्देश में कहा गया है कि किसी भी दोपहिया वाहन चालक को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंप कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बिना हेलमेट पहुंचे ग्राहकों को ईंधन देने से इनकार करें। प्रशासन ने बताया कि इस नियम की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी।
खुले बर्तनों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक
सुरक्षा कारणों से खुले बोतल, जरकिन या अन्य खुले बर्तनों में पेट्रोल और डीजल देने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि इससे अवैध भंडारण और आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि कृषि कार्य के लिए जरूरत पड़ने पर वैध पहचान पत्र दिखाने वाले किसानों को विशेष छूट दी जा सकती है। निर्देश में कहा गया है कि पेट्रोल पंप संचालक एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस वाहन और अन्य आपातकालीन सेवाओं को ईंधन उपलब्ध कराने में प्राथमिकता देंगे। जरूरत पड़ने पर इनके लिए अलग कतार की व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
भीड़ होने पर तुरंत पुलिस को सूचना
कांके थाना ने पेट्रोल पंप संचालकों को भीड़ प्रबंधन को लेकर भी अलर्ट किया है। यदि किसी पंप पर अधिक भीड़ जमा होती है, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने का निर्देश दिया गया है। एएसपी साक्षी जमुआर ने कहा कि इन सभी निर्देशों का पालन अनिवार्य है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post