Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को मिहिजाम थाना क्षेत्र के असनचुआ इलाके में माइनिंग विभाग की टीम ने बिना वैध कागजात बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें :आसनसोल में लाउडस्पीकर विवाद के बाद बवाल, पुलिस चौकी पर पथराव और वाहनों में तोड़फोड़
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन को सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध तरीके से बालू की ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर माइनिंग इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान टीम ने संदिग्ध ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से बालू परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे। हालांकि चालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेज नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने दोनों ट्रैक्टरों को मौके पर ही जब्त कर लिया। बाद में जब्त वाहनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए मिहिजाम थाना के हवाले कर दिया गया।
अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति बालू परिवहन के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। मिहिजाम थाना की इस कार्रवाई को अवैध बालू कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post