Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची उपलब्ध करा दी है। यह सूची पेनड्राइव के माध्यम से राजनीतिक दलों को सौंपी गई है, ताकि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में सहयोग कर सकें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 23 मई से ही अन-मैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता अपनी सुविधा के अनुसार सूची का मिलान कर बीएलओ के माध्यम से अपनी मैपिंग करा सकते हैं।
यह भी पढ़ें :रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के समय में बदलाव, आज शाम 4:30 बजे खुलेगी ट्रेन
30 जून से घर-घर जाएंगे BLO
निर्वाचन विभाग के अनुसार 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। यह फॉर्म मैप्ड और अन-मैप्ड दोनों तरह के मतदाताओं को दिया जाएगा। मतदाताओं को फॉर्म में पहले से दर्ज जानकारी की जांच करनी होगी, नई फोटो लगानी होगी और हस्ताक्षर कर फॉर्म बीएलओ को वापस देना होगा। ऐसा करने पर उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं की मैपिंग पहले से हो चुकी है, उन्हें सामान्य परिस्थितियों में कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा नहीं करना होगा। इससे पूरी प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने में मदद मिलेगी।
अन-मैप्ड मतदाताओं को देनी होगी अतिरिक्त जानकारी
जो मतदाता अब तक अन-मैप्ड हैं, उन्हें आगे की प्रक्रिया में अतिरिक्त दस्तावेज उपलब्ध कराने पड़ सकते हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के मुताबिक ईआरओ (निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी) की ओर से नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाताओं को अपनी जन्म तिथि के आधार पर स्वयं, माता-पिता या दादा-दादी से जुड़े दस्तावेज जमा करने होंगे।
7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम वोटर लिस्ट
दावा और आपत्ति की सुनवाई तथा जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। निर्वाचन विभाग के अनुसार सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। निर्वाचन विभाग ने राजनीतिक दलों और मतदाताओं से पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post