Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा और झामुमो (JMM) आमने-सामने आ गए। जिला डीसी कार्यालय के सामने दोनों दलों ने जोरदार प्रदर्शन किया और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। भाजपा कार्यकर्ता जहां मिट्टी का घड़ा लेकर पहुंचे, वहीं जेएमएम कार्यकर्ता लकड़ी के साथ विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। दोनों पक्षों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
यह भी पढ़ें :उत्पाद सिपाही पेपर लीक केस में बड़ा खुलासा, बिहार से एक और आरोपी गिरफ्तार
रघुवर दास का राज्य सरकार पर हमला
प्रदर्शन के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच जमशेदपुर समेत पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में बिजली और पेयजल की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। गांव से लेकर शहर तक लोग परेशान हैं और लगातार बिजली कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। रघुवर दास ने कहा कि बिजली संकट का असर अस्पतालों तक में देखने को मिल रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “राज्य का स्वास्थ्य विभाग खुद ICU में चला गया है।”
बागबेड़ा जलापूर्ति योजना का मुद्दा उठाया
पूर्व मुख्यमंत्री ने बागबेड़ा ग्रामीण बृहत जलापूर्ति योजना को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2018 तक योजना से लोगों को पानी मिलना शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक योजना पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की योजनाओं को लेकर गंभीर नहीं है और जनता को सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है।
बंगाल हिंसा पर भी बोले रघुवर दास
रघुवर दास ने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हो रही हिंसा पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वहां पूर्व सरकार से जुड़े लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने दावा किया कि नई सरकार के गठन के बाद कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
जेएमएम ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरा
दूसरी ओर, झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोला। पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू ने कहा कि देश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जेएमएम नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिर्फ बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दोनों दलों के कार्यकर्ता एक ही समय पर जिला मुख्यालय पहुंचे थे। ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। डीसी कार्यालय के बाहर और आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और पूरे प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर रखी गई।
Reporter | Samachar Post