Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड के गुमला जिले में स्थित सीलम बाल सुधार गृह से तीन किशोरों के फरार होने की घटना ने प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना में किशोरों ने बेहद फिल्मी अंदाज में चादरों को रस्सी बनाकर ऊंची दीवार पार की और फरार हो गए।
चादरों की रस्सी बनाकर भागे किशोर
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब छह बजे की है। फरार किशोरों ने सोने के लिए दी गई चादरों को आपस में बांधकर लंबी रस्सी तैयार की। इसके बाद रस्सी को दीवार के ऊपर लगे लोहे के एंगल में फंसाकर तीनों ने उसी के सहारे रिमांड होम की ऊंची दीवार फांद दी। बताया जा रहा है कि पूरी योजना काफी सुनियोजित तरीके से बनाई गई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों की वेबसाइट पर साइबर अटैक, दो साइटों पर दिखने लगे गेम
गिनती के दौरान हुआ खुलासा
घटना का पता तब चला जब सुबह नियमित गिनती के दौरान तीन किशोर गायब मिले। इसके बाद रिमांड होम परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तत्काल पूरे परिसर में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गुमला पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। प्राथमिक जांच में सुरक्षा में लापरवाही की बात सामने आ रही है। सवाल यह उठ रहा है कि जब किशोर चादरों की रस्सी बना रहे थे और दीवार पार कर रहे थे, तब सुरक्षा कर्मी क्या कर रहे थे।
तीनों किशोर अलग-अलग जिलों के निवासी
जानकारी के मुताबिक फरार तीन किशोरों में दो लोहरदगा जिले के निवासी हैं, जबकि एक गुमला के घाघरा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार किशोरों की तलाश में छापेमारी कर रही है और रिमांड होम की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।