Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा: गोड्डा जिले के बसंतराय प्रखंड स्थित मिल्लत हाईस्कूल धपरा से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर में बच्चों द्वारा कबाड़ी को किताबें और कॉपियां बेचने का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वीडियो में स्कूल के बरामदे में किताबों और कॉपियों का ढेर दिखाई दे रहा है। वहीं एक कबाड़ी तराजू से उन्हें तौलकर किलो के भाव खरीदता नजर आ रहा है। इस दौरान कई बच्चे भी कबाड़ी की मदद करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रैक्टिकल कॉपियों के साथ किताबें भी बेचे जाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, बेची जा रही सामग्री में प्रैक्टिकल परीक्षा की कॉपियां भी शामिल थीं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि किताबें और कॉपियां अनुपयोगी थीं, तब भी उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट करने या संरक्षित रखने की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की थी। बच्चों से इस तरह कबाड़ी को सामान बिकवाना गलत संदेश देता है।
यह भी पढ़ें: गोड्डा के तुलाराम भूस्खा स्कूल में नामांकन को लेकर हंगामा, छात्रों ने लगाए पैसे मांगने के आरोप
बच्चों ने खुद बेच दी कॉपियां
मामले में स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि कई वर्षों से प्रैक्टिकल कॉपियां जमा थीं और उनमें दीमक लग चुकी थी। स्कूल में उन्हें रखने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं थी। शिक्षकों के मुताबिक, बच्चों ने खुद इन्हें बेचने का प्रस्ताव रखा था, हालांकि उन्हें ऐसा करने से मना किया गया था। स्कूल प्रबंधन का दावा है कि प्रैक्टिकल कॉपियों के साथ कुछ किताबें भी बच्चों ने कबाड़ी को बेच दीं।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि स्कूलों में बच्चों को नैतिक शिक्षा देने के बजाय उनसे किताबें बिकवाई जा रही हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अब लोग मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।