Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा : गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक अशोक भगत के निजी सहायक विजय शर्मा पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। नयानगर गांव के पास हुए इस हमले में विजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें पहले महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
बाइक से जाते समय रास्ते में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार विजय शर्मा बाइक से अपने घर से निकले थे। इसी दौरान नयानगर गांव के पास काजेश शर्मा नामक व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावर ने तलवार से कई वार किए, जिससे विजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें: रिम्स जमीन घोटाला मामले में कोर्ट सख्त, ACB से मांगी केस डायरी
हेलमेट ने बचाई जान
घायल विजय शर्मा ने बताया कि घटना के समय उन्होंने हेलमेट पहन रखा था। हमलावर ने पहले उनके सिर पर वार करने की कोशिश की, लेकिन हेलमेट होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद आरोपी ने उनके दाएं हाथ और पैर पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। विजय शर्मा का कहना है कि हमला उन्हें जान से मारने की नीयत से किया गया था। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी के साथ उनका पहले कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। स्थानीय लोगों की भीड़ बढ़ती देख हमलावर वहां से फरार हो गया। इसके बाद घायल विजय शर्मा ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस जांच में जुटी
महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है और घायल का इलाज जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किस कारण से किया गया। फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। इलाके में इस हमले को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ राजनीतिक कारणों की भी आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।