Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिले में मछली पकड़ने गया एक युवक खुद जाल में उलझ गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना रंका थाना क्षेत्र के झुमेलवा डैम की बताई जा रही है। युवक की पहचान सुरेश सिंह के रूप में हुई है, जो बिश्रामपुर के झुमेलवा टोला का रहने वाला था। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण बड़ी संख्या में डैम के किनारे जुटे हुए हैं।
यह भी पढ़ें :खूंटी में भूसे की आड़ में डोडा तस्करी का खुलासा, 50 बोरा के साथ ट्रक जब्त
मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुरेश सिंह घर से जाल लेकर मछली पकड़ने के लिए झुमेलवा डैम पहुंचा था। डैम में उतरकर उसने मछली पकड़ने के लिए जाल फेंका। इसी दौरान जाल पानी के अंदर कहीं फंस गया। बताया जा रहा है कि जाल को छुड़ाने के लिए सुरेश पानी के भीतर गया, लेकिन वह खुद उसी जाल में उलझ गया। पानी के अंदर निकलने की कोशिश में वह छटपटाता रहा और डूबने से उसकी मौत हो गई।
साथी ने गांव पहुंचकर दी सूचना
काफी देर तक जब सुरेश पानी से बाहर नहीं निकला तो उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ डैम के पास जमा हो गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।
शव की तलाश में जुटी पुलिस, एनडीआरएफ से मांगी मदद
घटना की सूचना मिलने के बाद रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू कराई। हालांकि देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका था। पुलिस ने युवक के शव की खोज के लिए एनडीआरएफ से मदद मांगी है। प्रशासन और स्थानीय गोताखोर लगातार डैम में तलाश अभियान चला रहे हैं।
Reporter | Samachar Post