Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :झारखंड के गढ़वा जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बाजार स्थित मनोकामना ज्वैलर्स का है, जहां चोरों ने दुकान में घुसकर नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें :झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: डेपुटेशन पर तैनात कर्मियों और प्रोफेसरों को मिलेगा अकादमिक भत्ता
सुबह दुकान खोलते ही सामने आई वारदात
दुकान मालिक अजीत सोनी के अनुसार, वे शुक्रवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर हैरान रह गए। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और चोरी की घटना साफ दिखाई दे रही थी। चोरों ने बड़ी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने सीढ़ी के ऊपर लगे छत के हिस्से को काटकर दुकान में प्रवेश किया और फिर काउंटर का लॉक तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। इस घटना में करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 1.25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने की बात सामने आई है।
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं बड़ी चोरी
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इलाके में बड़ी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें लाखों रुपये के जेवरात चोरी हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में डर और आक्रोश दोनों बढ़ रहा है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग, पुलिस जांच में जुटी
व्यापारियों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post