Samachar Post डेस्क, रांची: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की परासिया कोलियरी में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। कुनुस्तोरिया क्षेत्र की भूमिगत खदान में हुए भीषण ‘एयर ब्लास्ट’ के बाद खदान का हिस्सा ढह गया, जिसमें दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कई अन्य श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं।
खदान के भीतर अचानक हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मजदूर भूमिगत खदान में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हवा के दबाव में असंतुलन पैदा हुआ और जोरदार धमाका हुआ। तकनीकी भाषा में इसे ‘एयर ब्लास्ट’ कहा जाता है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खदान की छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। मजदूर संभल पाते, उससे पहले ही कई श्रमिक मलबे और पत्थरों के नीचे दब गए। हादसे के बाद खदान के भीतर धूल और अंधेरा फैल गया, जिससे शुरुआती राहत कार्य प्रभावित हुआ। घटना के तुरंत बाद ECL की रेस्क्यू टीम और अन्य मजदूर राहत कार्य में जुट गए। मलबे में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें: रांची यूनिवर्सिटी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, परीक्षा विभाग में भेजे गए 5 ग्रेड-3 के कर्मचारी
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद श्रमिक संगठनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने खदान प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। स्थानीय श्रमिक नेताओं का कहना है कि यदि वेंटिलेशन सिस्टम और गैस प्रेशर की समय पर जांच होती, तो इतना बड़ा हादसा टाला जा सकता था।
जांच के आदेश, काम बंद
घटना की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा विभाग और ECL के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रबंधन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों के परिजनों और श्रमिक संगठनों ने उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया। फिलहाल खदान में काम रोक दिया गया है और पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।