Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : जिले के राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में प्रसव कराने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए मंत्री ने अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक को तत्काल निलंबित करने का आदेश दिया है। साथ ही विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को बिना देरी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद लापरवाही
मंत्री ने कहा कि अस्पताल में डीजी सेट और इन्वर्टर जैसी वैकल्पिक बिजली व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक और अस्वीकार्य है। इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी विफलता बताया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए उपायुक्त को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सिविल सर्जन को चेतावनी दी गई है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें, अन्यथा कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें: 9 मई को बंगाल में नई सरकार का शपथग्रहण, टैगोर जयंती के दिन बनेगा इतिहास
स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
मंत्री ने सभी एएनएम और जीएनएम को भी अपने कार्य में जिम्मेदारी बरतने का निर्देश दिया है। सरकार ने दोहराया है कि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।