Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर जिले के सारवां प्रखंड स्थित आदर्श प्लस टू विद्यालय में स्मार्ट क्लास के दौरान डिजिटल स्क्रीन पर आपत्तिजनक वीडियो चलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था और स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्कूल में आधुनिक शिक्षा के लिए लगाए गए डिजिटल संसाधनों के दुरुपयोग को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
शिक्षा विभाग ने जारी किया शो-कॉज नोटिस
घटना सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन को शो-कॉज नोटिस जारी किया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि स्मार्ट क्लास की डिजिटल स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री कैसे चली और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में हीटवेव अलर्ट: अगले दो दिन कई जिलों में लू का खतरा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
डीईओ बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
देवघर के जिला शिक्षा पदाधिकारी बिनोद कुमार ने कहा कि विद्यालय अनुशासन से चलता है और यदि जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास और डिजिटल स्क्रीन का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है, न कि आपत्तिजनक सामग्री दिखाना।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि स्कूल शिक्षा का केंद्र होता है और वहां इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है। अभिभावकों ने कहा कि ऐसी घटनाओं का बच्चों के मानसिक विकास पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।