Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :झारखंड के देवघर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देवघर पुलिस ने जसीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 20.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में बिहार और झारखंड के छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें :रांची में धोनी के पड़ोसी बनेंगे ईशान किशन, दलादली में बनेगा 10 मंजिला लग्जरी आशियाना
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जसीडीह रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित नेगड़ीडीह भवन के आसपास गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया और वहां मौजूद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार और झारखंड के आरोपी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार मंडल, राजेश यादव, भवदेव महथा, विनोद शाह, परशुराम मंडल और उमेश मंडल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वे पहले से कई मामलों में आरोपी रह चुके हैं।
बैग और पैकेट में छिपाकर रखा था गांजा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग बैग और पैकेट में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया। इसके अलावा मोबाइल फोन, नकदी, बाइक और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और उनसे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post