Samachar Post डेस्क, बिहार: बिहार के छपरा जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। मामला बनियापुर थाना क्षेत्र के चतुर्भुज छपरा गांव का है।
शादी की सालगिरह के दिन हुई घटना
मृतका की पहचान रीता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रीता की शादी करीब एक वर्ष पहले नीरज यादव से हुई थी। शुक्रवार को दोनों की शादी की सालगिरह थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने रीता का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: 135 किमी रफ्तार की आंधी ने मचाई तबाही, बिहार में 9 की मौत; CM सम्राट ने मुआवजे का ऐलान
दहेज में बाइक की मांग का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के समय से ही ससुराल पक्ष दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर सके थे। परिजनों का कहना है कि इसी बात को लेकर रीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और संभवतः शुक्रवार को भी इसी मुद्दे पर विवाद हुआ, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
घटना के बाद फरार हुआ ससुराल पक्ष
मामले के सामने आने के बाद से पति समेत ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।