Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची के चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रांची पुलिस ने 14 महीने से फरार चल रहे कथित सुपारी किलर सूरज को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारी राकेश रंजन को मिली सूचना के बाद विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सूरज को दबोच लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने देवब्रत शाहदेव के साथ मिलकर भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस सूरज से गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या की प्लानिंग, रेकी और शूटर्स को जिम्मेदारी सौंपने से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें :गुमला में दो रिश्तों के बीच उलझी महिला का मामला थाने पहुंचा, रुपये छीनने का आरोप
होटल में बैठकर मोबाइल देख रहे थे अनिल टाइगर
पुलिस जांच के मुताबिक, घटना के दिन अनिल टाइगर कांके चौक स्थित एक होटल में बैठे हुए थे। इसी दौरान आरोपी खाना खाने के बहाने होटल में पहुंचे। बताया जा रहा है कि पहले एक आरोपी ने गोली चलाने से इनकार किया, जिसके बाद दूसरे आरोपी अमन ने बैग से पिस्टल निकालकर अनिल टाइगर के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने दबोच लिया था।
जांच में जुटी पुलिस
रांची पुलिस अब गिरफ्तार सूरज से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क और हत्या की साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है। इस गिरफ्तारी को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post