Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : बोकारो में एयरपोर्ट विस्तार और बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शनिवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। सेक्टर 12ए काली मंदिर के पास कार्रवाई करने पहुंची बीएसएल सिक्योरिटी विभाग की टीम पर कब्जाधारियों ने अचानक पथराव कर दिया। घटना में सुरक्षा जवान बबलू कुमार और अकरम अंसारी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, प्रशासन और बीएसएल सिक्योरिटी विभाग पिछले कई दिनों से एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रहे हैं। शनिवार को सूचना मिली थी कि सेक्टर 12ए काली मंदिर के आगे कुछ लोगों ने नई जगह पर अवैध कब्जा कर छह से सात मकान बना लिए हैं। इसके बाद सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
यह भी पढ़ें: DSPMU में फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्रों का हंगामा, कैंपस में लगातार प्रदर्शन
कार्रवाई के दौरान अचानक शुरू हुआ पथराव
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही कब्जाधारियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और सुरक्षा कर्मियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। पथराव के कारण इलाके में अफरातफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना में दो सुरक्षा जवान घायल हो गए, जबकि अन्य कर्मियों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा, जिसके बाद हालात को नियंत्रित किया गया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
एयरपोर्ट विस्तार को लेकर जारी है अभियान
बताया जा रहा है कि बोकारो एयरपोर्ट विस्तार परियोजना के तहत बाउंड्री वॉल निर्माण और जमीन खाली कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।