Samachar Post डेस्क, रांची: मध्य प्रदेश के भिंड में भाजपा नेता को शक्ति प्रदर्शन भारी पड़ गया। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव को 120 गाड़ियों के काफिले के साथ रैली निकालने के बाद पार्टी ने पद से हटा दिया। पार्टी ने इस पूरे मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए त्वरित कार्रवाई की है।
पीएम मोदी की अपील की अनदेखी पड़ी महंगी
बताया जा रहा है कि ग्वालियर से भिंड तक सैकड़ों वाहनों के साथ निकाले गए स्वागत काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद भाजपा संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार डीजल-पेट्रोल बचाने और सादगी अपनाने की अपील करते रहे हैं, ऐसे में इस तरह का शक्ति प्रदर्शन गलत संदेश देता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में सनसनीखेज वारदात : घर में महिला की गला रेतकर हत्या, बेटे ने सबसे पहले देखा खौफनाक मंजर
संगठन ने दिया सख्त संदेश
भाजपा संगठन का मानना है कि भव्य वाहन रैलियां पार्टी की कार्यशैली और सादगी की छवि के खिलाफ हैं। यही वजह है कि मामले में बिना देरी किए कार्रवाई की गई। इधर, मोहन यादव भी हाल के दिनों में सादगी और ईंधन बचत को लेकर संदेश दे चुके हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने सरकारी काफिले में वाहनों की संख्या 13 से घटाकर 6 कर दी है। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और मंत्रियों से भी कम वाहनों के इस्तेमाल और सादगी से कार्यक्रम करने की अपील की गई है।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा दबाव
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लंबा वाहन काफिला और समर्थकों का शक्ति प्रदर्शन दिखाई दे रहा था। इसके बाद विपक्ष ने भी भाजपा पर सवाल उठाए थे। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व नहीं चाहता था कि इस मामले को लेकर गलत राजनीतिक संदेश जाए, इसलिए तुरंत कार्रवाई की गई। भाजपा की इस कार्रवाई को संगठन के भीतर अनुशासन और शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों को गंभीरता से लागू करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
