Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के अररिया जिले में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। आरोप है कि दबंगों ने पहले पीड़ित के घर में आग लगा दी और फिर जान बचाकर भाग रहे बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के भीठा गांव की बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :डोरंडा में हाई-टेंशन लाइन पर गिरा पेड़, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप
लंबे समय से चल रहा था जमीन विवाद
मृतक की पहचान 60 वर्षीय बद्री ऋषिदेव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते शुक्रवार देर रात कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से उनके घर पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले घर में आग लगा दी। आग और अफरातफरी के बीच जब परिवार के सदस्य अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकले, तब बद्री ऋषिदेव को घेर लिया गया। आरोप है कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक के परिवार में शोक और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद और हत्या के आरोपों सहित पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post