Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के नामकुम अंचल में कथित जमीन घोटाले को लेकर अब जांच तेज हो गई है। टुंडुल इलाके की जमीन से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर और अवैध म्यूटेशन के आरोपों के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, तत्कालीन अंचल अधिकारी (CO) श्वेता वर्मा, तत्कालीन हल्का कर्मचारी दीपक कुमार और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज करने के लिए मंत्रिमंडल एवं निगरानी विभाग से अनुमति मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार, ACB फिलहाल जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, दस्तावेज और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। यदि PE की मंजूरी मिलती है और जांच में वित्तीय अनियमितता या रिकॉर्ड में गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो एजेंसी इस मामले में FIR दर्ज कर आगे गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कर सकती है।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में जनरल स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जला; पिता-पुत्र झुलसे
हाईकोर्ट के आदेश के बाद तेज हुई जांच
झारखंड हाईकोर्ट के सख्त रुख के बाद ACB ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की है। अदालत को आशंका है कि नामकुम अंचल कार्यालय से सरकारी रिकॉर्ड गायब होने के पीछे बड़े पैमाने पर जमीन घोटाले की साजिश हो सकती है। यह पूरा मामला नामकुम अंचल के टुंडुल क्षेत्र की कीमती जमीन से जुड़ा है। थॉमस साइमन साइरिल हंस नामक व्यक्ति ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि अंचल कार्यालय जमीन से जुड़े मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं करा रहा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि बार-बार मांगने के बावजूद संबंधित विभाग असली दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
‘गायब’ फाइलों की तलाश में जुटी ACB
अब ACB इस बात की जांच कर रही है कि आखिर जमीन के मूल रिकॉर्ड कहां गायब हुए और क्या इन्हें जानबूझकर हटाया गया। जांच एजेंसी रिकॉर्ड रूम, म्यूटेशन फाइलों और राजस्व दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों को शक है कि जमीन से जुड़े कागजातों में हेरफेर कर अवैध तरीके से म्यूटेशन और स्वामित्व परिवर्तन किए गए हो सकते हैं। मामले को लेकर प्रशासनिक महकमे में भी हलचल बढ़ गई है। हाईकोर्ट की निगरानी और ACB की सक्रियता के बाद अब इस कथित जमीन घोटाले में कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।