Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :खूंटी जिले में कार लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। ओडिशा से कार बुक करने वाले दो अपराधियों ने चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और कार लेकर फरार हो गए। घायल चालक का इलाज अस्पताल में जारी है। जानकारी के मुताबिक अंगुल जिले के डेराजंगा-जरापाड़ा इलाके से दो लोगों ने ट्रैवल एजेंसी के जरिए अर्टिका कार बुक की थी। चालक दुश्मंता साहू को बताया गया था कि उन्हें रांची से आगे एक स्थान तक जाना है।
यह भी पढ़ें :देवघर में श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की समीक्षा बैठक
रास्ते में खिलाया नशीला खाना
रांची पहुंचने के बाद आरोपियों ने रिंग रोड के पास खाना और मिठाई खरीदी। इसके बाद तीनों खूंटी की ओर निकले। चुकरू मोड़ के पास पेड़ के नीचे खाना खाने के दौरान चालक को नशीला पदार्थ मिला भोजन खिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। आशंका है कि बेहोश होने के बाद चालक की पिटाई की गई और उसे मृत समझकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। बाद में स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस जांच में जुटी, ड्राइवर संघ भी सक्रिय
घटना की पुष्टि अशोक कुमार सिंह ने की है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है। वहीं झारखंड राज्य ड्राइवर संघ की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ले रही है।
Reporter | Samachar Post