Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए 20 अप्रैल से एक अहम बदलाव लागू होने जा रहा है। अब ओपीडी (OPD) पंजीकरण शुल्क 5 रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है। यानी मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए पहले से दोगुना शुल्क देना होगा। यह निर्णय शासी परिषद के पहले लिए गए फैसले के आधार पर लागू किया जा रहा है। RIMS प्रशासन ने इसे तुरंत प्रभाव से लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। RIMS के निदेशक प्रो. डॉ. राज कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी लंबित फैसलों को समय पर लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन पर भी जोर दिया गया।
पहले से लंबित था प्रस्ताव
ओपीडी शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव पहले भी शासी परिषद की बैठक में आया था। उस समय इस पर चर्चा के बाद सहमति बन गई थी, लेकिन अब जाकर इसे लागू किया जा रहा है। इस फैसले को लेकर कुछ लोगों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि RIMS में बड़ी संख्या में गरीब और ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीज इलाज कराते हैं। ऐसे में फीस बढ़ोतरी से उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। RIMS प्रबंधन का कहना है कि यह बढ़ोतरी बेहद मामूली है और इससे अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि रांची के सदर अस्पताल में पहले से ही 10 रुपये का पंजीकरण शुल्क लिया जा रहा है।
रोजाना हजारों मरीज प्रभावित
RIMS में रोजाना हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भले ही शुल्क कम हो, लेकिन कुल मिलाकर इसका असर बड़ी संख्या में मरीजों पर पड़ेगा, खासकर उन लोगों पर जो सस्ते इलाज की उम्मीद लेकर यहां आते हैं।
Reporter | Samachar Post