Samachar Post रिपोर्टर, रांची :राजधानी रांची में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब अस्पतालों में भी साफ दिखने लगा है। रिम्स अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीज और उनके परिजन गर्मी से बेहाल हैं। शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक अस्पताल में हालात ऐसे रहे कि लोग ठंडी हवा के लिए तरसते नजर आए। करीब 40 डिग्री तापमान के बीच अस्पताल के कई वार्डों में पंखे या तो काम नहीं कर रहे हैं या उनकी हालत बेहद खराब है। कुछ जगहों पर पंखे पूरी तरह गायब हैं, तो कई पंखों के ब्लेड टूटे हुए हैं। तीसरी मंजिल सहित मेडिसिन और न्यूरोसर्जरी वार्डों में स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। रिम्स में इलाज के लिए पहुंचे मरीज पहले से ही बीमारी से जूझ रहे हैं, लेकिन अब उन्हें भीषण गर्मी और उमस का सामना भी करना पड़ रहा है। एक ओर इलाज को लेकर शिकायतें हैं, वहीं दूसरी ओर खराब व्यवस्थाओं ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मौसम का बड़ा बदलाव: 5 दिनों तक बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट
परिजन खुद कर रहे इंतजाम
अस्पताल की व्यवस्था से निराश कई परिजन अब बाहर से पंखे खरीदकर ला रहे हैं, ताकि मरीजों को कुछ राहत मिल सके। वार्डों में उमस और गर्मी के बीच रहना बेहद कठिन हो गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रबंधन पर उठ रहे सवाल
लगातार शिकायतों के बावजूद अस्पताल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मरीज इलाज पर ध्यान दें या इस भीषण गर्मी से बचने की चिंता करें। यदि जल्द ही व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
Reporter | Samachar Post