Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रातू इलाके में हुई दुर्घटना में झारखंड पुलिस की महिला कांस्टेबल रंजीता एक्का की मौत हो गई। वह ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गईं। यह दुर्घटना रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार रंजीता एक्का स्कूटी से जा रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटी गाड़ी, एक की मौत, चार घायल
अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रंजीता एक्का झारखंड पुलिस में सिमडेगा जिला बल में कार्यरत थीं। फिलहाल उनकी प्रतिनियुक्ति झारखंड हाईकोर्ट में थी और वह उसी ड्यूटी के लिए जा रही थीं।
जांच में जुटी पुलिस
रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
यह घटना और भी ज्यादा दर्दनाक इसलिए है क्योंकि रंजीता एक्का के पति की भी पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। अब एक बार फिर उसी तरह के हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। साथ ही लोग सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसे हादसे कब तक होते रहेंगे।
Reporter | Samachar Post