- हेसला स्थित इस्पात प्लांट में तड़के धमाका, गंभीर घायलों को रांची रेफर; जांच शुरू
Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़: रामगढ़ जिले के हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में सोमवार तड़के बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के फर्नेस में अचानक विस्फोट होने से वहां काम कर रहे नौ मजदूर झुलस गए। धमाके के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कामकाज कुछ समय के लिए ठप हो गया।
तेज धमाके से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में भी आवाज सुनी गई। घटना के बाद प्लांट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और मजदूर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
यह भी पढ़ें: रांची में फरार ठग नजरे आलम गिरफ्तार, रातू थाना पुलिस को बड़ी सफलता
7 मजदूर 80-90% तक झुलसे
हादसे के बाद सभी घायलों को रांची रोड स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सात मजदूर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए सभी घायलों को रांची रेफर कर दिया गया है। घायलों में अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, राजू झा (पंडित जी), छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया शामिल हैं।
तकनीकी खराबी या लापरवाही, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती तौर पर फर्नेस में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा। एहतियात के तौर पर प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया है और अंदर की सभी गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
