Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा :झारखंड के NH- 39 पर कुड़ू थाना क्षेत्र के ढुलुवाखुंटा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और शराब लदे 407 मालवाहक वाहन की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शराब लदा 407 वाहन रांची की ओर से कुड़ू जा रहा था, जबकि स्कूटी सवार कुड़ू से रांची की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला को लोहरदगा सदर अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
यह भी पढ़ें :पेयजल घोटाले में बड़ा फैसला: CBI जांच जारी रखने पर सुप्रीम कोर्ट की मुहर
घटना के बाद लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद NH-39 पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल किया गया।
5 घायल, इलाज जारी-तीन वाहन क्षतिग्रस्त
इस दुर्घटना में कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में 407 वाहन, स्कूटी और एक कार समेत तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post