Samachar Post रिपोर्टर, लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले में उग्रवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित संगठन जेजेएमपी (JJMP) के सबजोनल कमांडर सुरेंद्र लोहरा उर्फ टाइगर जी ने गुरुवार को आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
आईजी और एसपी के सामने किया सरेंडर
लातेहार पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र लोहरा ने पलामू प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, एसपी कुमार गौरव और सीआरपीएफ 11वीं बटालियन के कमांडेंट यादराम बुनकर के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इस मौके पर आईजी ने माला पहनाकर और बुके देकर उसका स्वागत किया। साथ ही सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत 5 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा गया।
यह भी पढ़ें: पाकुड़ में हनुमान जयंती की धूम: भव्य शोभायात्रा निकली, अखंड रामचरितमानस पाठ शुरू
पत्नी की समझाइश से बदला फैसला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरेंद्र लोहरा के आत्मसमर्पण में उसके परिवार, खासकर पत्नी की अहम भूमिका रही। उनके समझाने पर उसने हथियार छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने का निर्णय लिया। पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र लोहरा पिछले करीब 20 वर्षों से उग्रवादी गतिविधियों में शामिल था। उसके खिलाफ लातेहार, चंदवा और हेरहंज थाना क्षेत्रों में आठ से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
संयुक्त अभियान का असर
आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने इस सफलता का श्रेय लातेहार पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त अभियान को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति और लगातार दबाव के कारण उग्रवादी आत्मसमर्पण कर रहे हैं। उन्होंने अन्य उग्रवादियों से भी अपील की कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हों। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में 23 उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया, वर्ष 2026 में भी यह सिलसिला जारी है। हाल ही में 10 लाख के इनामी मृत्युंजय भुईया और 2 लाख के इनामी बबलू राम को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यधारा में लौटने का संदेश
करीब दो दशक तक उग्रवाद की राह पर चलने के बाद सुरेंद्र लोहरा का यह फैसला न केवल क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अन्य उग्रवादियों के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।