- मातृ और शिशु मृत्यु दर कम करने की दिशा में पहल, सहिया घर-घर पहुंचा रहीं किट और दे रहीं परामर्श
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में नवविवाहित दंपत्तियों के लिए एक अहम पहल शुरू की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत “नई पहल किट” का वितरण किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य नवदंपतियों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। इस किट के माध्यम से नवविवाहित दंपत्तियों को सुरक्षित मातृत्व, जन्म अंतराल (Birth Spacing) और छोटे परिवार के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही, इसमें परिवार नियोजन से जुड़ी जरूरी सामग्री और उपयोगी जानकारी भी शामिल है।
MMR और IMR कम करने की दिशा में कदम
यह पहल राज्य में मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। किट के जरिए दंपत्तियों को आधुनिक गर्भनिरोधक साधनों, उनके लाभ और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम के तहत सहिया और स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर नवविवाहित दंपत्तियों को यह किट उपलब्ध करा रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें परिवार नियोजन और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह भी दी जा रही है। साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के माध्यम से भी इस योजना को लागू किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: रांची में फर्जी अधिकारी बनकर करोड़ों की ठगी, रिम्स एडमिशन के नाम पर परिवार को बनाया शिकार
स्वस्थ समाज की ओर पहल
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड का लक्ष्य है कि हर नवविवाहित दंपति तक परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो। इससे न सिर्फ परिवार स्वस्थ रहेगा, बल्कि समाज के समग्र विकास में भी मदद मिलेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।