जामताड़ा में खसरा-चेचक का खतरा, 9 संदिग्ध मरीज मिलने से अलर्ट

Meenu | April 24, 2026 | 04:03 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में खसरा और चेचक जैसे लक्षण वाले मामलों में अचानक बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। नारायणपुर प्रखंड में 9 संदिग्ध खसरा के मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और संक्रमण को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, नारायणपुर ब्लॉक के अलग-अलग गांवों में ये मामले सामने आए हैं। चिहुटिया गांव में 3 और पेटारी गांव में 2 संदिग्ध मरीज मिले हैं, जबकि अन्य मामले आसपास के गांवों से रिपोर्ट किए गए हैं। इसके अलावा 13 लोगों में चेचक जैसे लक्षण भी पाए गए हैं, जिनमें तेज बुखार और शरीर पर चकत्ते शामिल हैं।

यह भी पढ़ें :जगन्नाथपुर मंदिर गार्ड हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। मरीजों के ब्लड और गले के सैंपल लेकर जांच के लिए रांची स्थित लैब भेजे गए हैं। गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और जरूरतमंदों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को तेज बुखार, खांसी या शरीर पर लाल चकत्ते दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर इलाज से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।

भीड़ से बचें, साफ-सफाई रखें

विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाएं और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोना और साफ-सफाई बनाए रखना बेहद जरूरी है।

स्थिति पर प्रशासन की नजर

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन और मेडिकल टीमें मिलकर संक्रमण को फैलने से रोकने में जुटी हैं।

Share this news

संबंधित खबरें