Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य पर छात्राओं से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। एक दर्जन से अधिक छात्राओं ने पढ़ाई के दौरान शारीरिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर, दो युवकों की दर्दनाक मौत
हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद खुला मामला
पीड़ित छात्राओं के अनुसार, 11 अप्रैल को दो छात्राओं ने सबसे पहले चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद बाल संरक्षण से जुड़ी टीम सक्रिय हुई और चरही पुलिस के साथ स्कूल पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। जांच के दौरान कई छात्राओं ने आरोपों की पुष्टि की। मामले की गंभीरता को देखते हुए छात्राओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जहां उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। समिति से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि प्रक्रिया के तहत पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
संगठन ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस मामले में एक सामाजिक संगठन की ओर से भी थाने में लिखित शिकायत दी गई है। संगठन की अध्यक्ष अमीषा प्रसाद ने आरोप लगाया कि 20 से अधिक छात्राओं ने प्राचार्य के खिलाफ छेड़छाड़ की बात कही है। साथ ही यह भी आरोप है कि छात्राओं को घटना की जानकारी बाहर न देने के लिए धमकाया गया।
अभिभावकों में नाराजगी, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले स्थान पर इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त निगरानी और दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
चरही थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्कूल के अन्य छात्रों और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर सकती है।
Reporter | Samachar Post