Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तालाब में नहाने गई पांच युवतियों में से दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन अन्य को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। बताया जा रहा है कि पांचों युवतियां गांव के तालाब में नहाने गई थीं। सबसे पहले काजल कुमारी पानी में उतरी, लेकिन वह गहरे हिस्से में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए उसकी चचेरी बहन दीपिका कुमारी भी पानी में कूद गई। इसके बाद तीन और युवतियां मदद के लिए उतरीं, लेकिन सभी गहराई में फंस गईं।
यह भी पढ़ें :रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती, वाहनों से लेकर ड्राइवर-हेल्पर तक जांच का आदेश
ग्रामीणों की सूझबूझ से बचीं तीन जानें
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और तुरंत तालाब में कूदकर तीन युवतियों को बाहर निकाल लिया। हालांकि काजल और दीपिका को नहीं बचाया जा सका। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरीश बिन जमा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसा नहाने के दौरान हुआ और मामले की जांच की जा रही है।
Reporter | Samachar Post