Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिला मुख्यालय में एक सड़क दुर्घटना के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। घायल महिला को समय पर एंबुलेंस नहीं मिली, तो परिजनों ने मजबूरी में उन्हें ठेले पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना रेलवे स्टेशन के पास की है, जहां इंजोरिया कुंवर नामक महिला सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन काफी देर तक कोई मदद नहीं पहुंची। इसके बाद परिजनों ने करीब 2 किलोमीटर का सफर तय कर उन्हें ठेले पर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने के बाद महिला का इलाज किया गया। उनके हाथ में चोट आई थी, जिसका प्राथमिक उपचार कर बैंडेज किया गया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और वे अस्पताल में भर्ती हैं।
यह भी पढ़ें :सीएम हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना संग तपोवन मंदिर पहुंचे, पूजा के बाद विकास कार्यों का लिया जायजा
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने जिले की इमरजेंसी स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जरूरत के समय एंबुलेंस उपलब्ध न होना बड़ी लापरवाही है।
जिले में एंबुलेंस की कमी नहीं- सिविल सर्जन
जिले के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि जिले में एंबुलेंस की कमी नहीं है, संभव है कि 108 सेवा किसी अन्य मरीज में व्यस्त रही हो। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि आपात स्थिति में सीधे स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता मिल सके।
Reporter | Samachar Post