Samachar Post रिपोर्टर,देवघर : देवघर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 3-4 छात्रों के एक समूह ने मिलकर अपहरण, जेवर चोरी और ज्वैलरी दुकान में धमकी जैसी गंभीर वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ये सभी घटनाएं एक ही गैंग से जुड़ी हुई हैं। मंगलवार शाम नगर थाना पुलिस को तीन अलग-अलग सूचनाएं मिलीं एक छात्र के अपहरण की सूचना, घर से जेवर और नकदी चोरी की शिकायत, हदहदिया पुल के पास ज्वैलरी दुकान में धमकी की घटना शुरुआत में ये घटनाएं अलग-अलग लगीं, लेकिन जांच में सामने आया कि सभी के पीछे एक ही छात्र समूह का हाथ है।
घर से चोरी कर बाजार में बेचने की कोशिश
जांच में खुलासा हुआ कि छात्र अपने-अपने घरों से धीरे-धीरे जेवर और नकदी चोरी कर रहे थे। इसके बाद वे इन्हें बाजार में बेचने की कोशिश करते थे इतना ही नहीं, ज्वैलरी दुकानदारों पर दबाव और धमकी देकर सामान बेचने का प्रयास भी किया गया। चोरी से मिले पैसों को आपस में खर्च किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट में पेश हुए चतरा एसपी सुमित अग्रवाल, हैबियस कॉर्पस सुनवाई में अहम मोड़
लाखों के जेवर और नकदी गायब
एक अभिभावक के अनुसार, पिछले 7 महीनों में उनके घर से करीब 10 लाख रुपये नकद, लगभग 180 ग्राम सोना गायब हो चुका है। इस खुलासे के बाद परिवार भी हैरान है कि बच्चे इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित छात्रों और एक ज्वैलरी दुकानदार को थाना बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना परिसर में दोनों पक्षों के करीब 20 लोग मौजूद हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी फिलहाल इस मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता
परिजन चाहते हैं कि मामला थाना स्तर पर ही सुलझ जाए, ताकि बच्चों का भविष्य खराब न हो। यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी भी है कि बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखना कितना जरूरी है और किन परिस्थितियों में वे अपराध की ओर बढ़ रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।
