Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो: डीवीसी चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन के सीएचपी सेक्शन में वैगन ट्रिपलर की सफाई करने वाले मजदूरों का आंदोलन आखिरकार छह दिनों बाद समाप्त हो गया। भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ के बैनर तले मजदूर 22 अप्रैल से नियमित काम की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। डुमरी विधायक जयराम महतो की पहल पर प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच करीब चार घंटे तक चली वार्ता के बाद समाधान निकला।
वार्ता के दौरान आक्रामक दिखे विधायक
बातचीत के दौरान विधायक जयराम महतो अधिकारियों पर नाराजगी जताते नजर आए। उन्होंने मजदूरों के समर्थन में कहा कि किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान उनका आक्रामक अंदाज चर्चा का विषय बना रहा।
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 54 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर आदेश रद्द
जूस पिलाकर खत्म कराया आंदोलन
सहमति बनने के बाद प्लांट गेट के पास भूख हड़ताल पर बैठे मजदूरों को विधायक ने जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। बैठक में उप श्रमायुक्त रंजीत कुमार, डीवीसी प्रबंधन की ओर से परियोजना प्रमुख आरके अनुभवी, उप महाप्रबंधक (प्रशासन) नीरज सिन्हा, प्रबंधक आरके चौधरी समेत कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
13 दिन से बढ़ाकर 26 दिन काम पर सहमति
बैठक में मजदूरों की मुख्य मांग मान ली गई। अब तक मजदूरों को महीने में 13 दिन काम मिलता था, जिसे बढ़ाकर 26 दिन करने पर सहमति बनी। इसके लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें मजदूर प्रतिनिधि और डीवीसी अधिकारी शामिल होंगे।
7 दिन में लागू होगी नई व्यवस्था
समिति सात दिनों के भीतर काम की उपलब्धता का आकलन कर नई व्यवस्था लागू करेगी। साथ ही भविष्य में नए कार्य आने पर पहले से काम कर रहे मजदूरों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी है। बताया गया कि ये मजदूर वर्ष 2008 से काम कर रहे हैं, लेकिन 2018 के बाद से उन्हें सीमित काम मिल रहा था, जिससे आंदोलन की स्थिति पैदा हुई।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।