Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची में महिला आरक्षण बिल को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे पर बड़ा विरोध जताते हुए 25 अप्रैल को विधानसभा मार्च निकालने का ऐलान किया है। भाजपा के अनुसार, यह आक्रोश मार्च मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर मेन रोड तक जाएगा। इसमें रांची, रामगढ़, खूंटी और लोहरदगा सहित कई जिलों से हजारों महिलाओं के शामिल होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में हाथी हमले पर मुआवजा बढ़ाने की तैयारी, अब मिल सकते हैं 10 लाख रुपये
कांग्रेस और गठबंधन पर निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और INDI गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध कर विपक्ष ने महिला सशक्तिकरण के खिलाफ काम किया है। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी केवल गांधी परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाती है, जबकि आम महिलाओं को अवसर नहीं देती। इस मुद्दे को लेकर भाजपा कार्यालय में अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, गीता कोड़ा, भानु प्रताप शाही और रांची विधायक सीपी सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राजनीतिक माहौल गरम
महिला आरक्षण को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। 25 अप्रैल का प्रस्तावित मार्च इस सियासी संघर्ष को और तेज कर सकता है।
Reporter | Samachar Post