Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए बिहार सरकार ने स्कूलों के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब राज्य के सभी स्कूलों में बच्चों को समय-समय पर पानी पिलाने के लिए “वाटर बेल” बजाई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य डिहाइड्रेशन और हीट वेव से छात्रों को सुरक्षित रखना है। निर्देश के अनुसार, तय अंतराल पर घंटी बजने पर बच्चों को पानी पीने के लिए कहा जाएगा, ताकि वे नियमित रूप से हाइड्रेटेड रहें। यह कदम राज्य में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए हीट वेव एक्शन प्लान के तहत उठाया गया है।
यह भी पढ़ें: मैनपावर टेंडर में 62 कंपनियां रेस में, दस्तावेजों की जांच शुरू
खेल गतिविधियों पर लगाई गई रोक
तेज धूप और अत्यधिक गर्मी को देखते हुए स्कूलों में आउटडोर खेल गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मैदान में किसी भी प्रकार के खेल आयोजन नहीं होंगे। बच्चों को धूप से बचाने के लिए यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रत्येक कक्षा में पंखे चलाने और मिट्टी के घड़े में पानी उपलब्ध रखने को कहा गया है। इसके अलावा शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे छात्रों को लू से बचाव के उपायों की जानकारी पोस्टर और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से दें। सरकार का मानना है कि इन कदमों से गर्मी के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।