Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ बेहद अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के साथ मारपीट कर उसका चेहरा काला किया गया और उसे पूरे मोहल्ले में घुमाया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़िता के अनुसार, 29 मार्च को आरोपी पंकज कुमार उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने महिला को जबरन घर से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की।
यह भी पढ़ें :JEE Main Session 2 का काउंटडाउन शुरू, 2 अप्रैल से परीक्षा
चप्पलों की माला पहनाकर किया अपमान, कपड़े फाड़े
आरोप है कि महिला और एक अन्य महिला को चप्पलों की माला पहनाई गई। इतना ही नहीं, उनके चेहरे पर कालिख पोतकर पूरे मोहल्ले में घुमाया गया, जिससे यह मामला सार्वजनिक अपमान का गंभीर रूप ले गया। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए और गलत नीयत से पकड़ने की कोशिश की। साथ ही, उसके बेटे और परिचितों पर वाहन चोरी का झूठा आरोप लगाकर इस घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज कुमार सिंह उर्फ पंकज और सनताना कुमारी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता खूंटी जिले की निवासी है और रांची में किराए के मकान में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि उसके परिवार पर झूठा आरोप लगाकर उसे बेइज्जत किया गया।
Reporter | Samachar Post