- सरहुल और रामनवमी पर रांची में नहीं होगी बिजली कटौती
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में सरहुल (21 मार्च) और रामनवमी (26 मार्च) के अवसर पर बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। यह जानकारी रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के अधीक्षण अभियंता डी.एन. साहू ने दी है। उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट (3 अप्रैल 2025) और सुप्रीम कोर्ट (16 अप्रैल 2025) के आदेशों के अनुसार त्योहारों के दिन बिजली कटौती नहीं होगी।
सुरक्षा के लिए जारी की गई गाइडलाइन
बिजली विभाग ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- शोभायात्रा में झंडे, डीजे और झांकियों की ऊंचाई अधिकतम 4 मीटर तक ही हो
- बिजली तारों और उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें
- बड़े वाहनों की छत पर बैठने या ऊंचे झंडे लगाने की अनुमति नहीं
- वॉलेंटियर लगातार निगरानी रखें
- रास्ते में पड़े बिजली तारों को छूने से बचें
- अत्यधिक ऊंचे या बड़े वाहनों का उपयोग न करें
- आयोजकों को तय SOP का पालन अनिवार्य
यह भी पढ़ें: मानगो में हिंदू नववर्ष यात्रा के दौरान झड़प, बन्ना गुप्ता गुट और सरयू राय समर्थकों में टकराव
298 सरना स्थलों की सफाई और तैयारी तेज
सरहुल पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू कर दिया है। शहर के 53 वार्डों में स्थित 298 सरना स्थल और अखड़ों की सफाई, पेंटिंग और अन्य तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
7 जोन में बंटा शहर, अधिकारियों की तैनाती
नगर निगम ने पूरे शहर को 7 जोन में बांटा है। हर जोन में एक सहायक प्रशासक के नेतृत्व में नगर प्रबंधक, स्वच्छता समन्वयक और अन्य अधिकारियों की टीम तैनात की गई है। बुधवार को अधिकारियों ने सिरमटोली, मोरहाबादी, हातमा और चडरी के सरना स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सरहुल के प्रमुख कार्यक्रम
केंद्रीय सरना समिति के अनुसार सरहुल पर्व के कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
- 20 मार्च: उपवास, केकड़ा पकड़ने की परंपरा, रात में जल रखाई
- 21 मार्च: पूजा, भविष्यवाणी और शोभायात्रा
- 22 मार्च: फूल खोशी की रस्म
डीजे विवाद पर भी बयान
इस बीच बबलू मुंडा ने कहा कि डीजे के मुद्दे पर कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से सरहुल के दिन राज्य में शराबबंदी लागू करने और तीन दिन का सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए प्रशासन और नगर निगम दोनों ही स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।