Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। शुक्रवार सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सुबह से मंदिरों में लगी लंबी कतारें
शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह होते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। लोग धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान श्रीराम और बजरंगबली की पूजा-अर्चना करते नजर आए। महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों सहित हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे। डोरंडा स्थित तपोवन मंदिर इस बार भी रामनवमी पर खास आकर्षण का केंद्र बना रहा। सुबह से ही यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से आए भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
यह भी पढ़ें: रांची एयरपोर्ट का समर शेड्यूल जारी: 29 मार्च से बदलेंगी फ्लाइट टाइमिंग, 24 उड़ानें रोज संचालित
ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था का केंद्र
तपोवन मंदिर को रांची की प्राचीन और महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर माना जाता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां सच्चे मन से पूजा करने पर मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, यही वजह है कि हर साल रामनवमी पर यहां भारी भीड़ जुटती है। रामनवमी के दिन प्रातःकालीन पूजा का विशेष महत्व होता है। इसी कारण कई श्रद्धालु भोर में ही मंदिर पहुंच जाते हैं। रांची के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मंदिर समिति और स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करा रहे हैं। रामनवमी के मौके पर शहर के विभिन्न अखाड़ों के जत्थे भी तपोवन मंदिर पहुंच रहे हैं। देर रात तक पताका मिलन और पारंपरिक प्रदर्शन का आयोजन किया जाता है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं।
राममय हुआ पूरा शहर
रामनवमी के इस पावन पर्व पर रांची का हर गली-मोहल्ला भक्ति और आस्था से सराबोर दिखा। पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है, जहां परंपरा और श्रद्धा का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।