बहरागोड़ा में घने कोहरे का कहर: खड़े टैंकर से टकराई कार, युवक गंभीर

Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: बहरागोड़ा घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में होटल ओम कृष्ण के पास सुबह करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े टैंकर से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए कटक रेफर किया गया है।

कोहरे ने बढ़ाया खतरा

मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार दो युवक पश्चिम बंगाल से बहरागोड़ा लौट रहे थे। सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान चालक को सड़क किनारे खड़ा टैंकर दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरने से पति-पत्नी की मौत, गांव में मातम

दो युवक थे सवार, एक की हालत गंभीर

हादसे में ईचड़ाशोल निवासी सौरभ मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे युवक सौरभ नायक को हल्की चोटें आईं। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बहरागोड़ा पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद सौरभ नायक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन सौरभ मंडल की हालत नाजुक बनी रही। पहले उन्हें PRM मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर किया गया, जहां स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कटक ले जाया।

पुलिस की तत्परता से मिली मदद

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें तुरंत इलाज मिल सका।घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें, धीमी गति रखें और हेडलाइट/फॉग लाइट का उपयोग करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें