Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब पांच महीने से फरार चल रहे नामजद आरोपी शेख मजीद (32 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह मामला 22 अक्टूबर 2025 का है, जब पिठोरिया थाना में कांड संख्या 125/25 दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में लगातार छापेमारी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।
65 अवैध मवेशियों की तस्करी का मामला
वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो कंटेनरों के जरिए मवेशियों की अवैध तस्करी कर उन्हें बांग्लादेश भेजने की योजना बनाई जा रही है। इसके बाद गठित विशेष टीम ने चंदवे चौक पर छापेमारी कर दो कंटेनरों से 65 मवेशियों को बरामद किया था।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में रामनवमी की तैयारी तेज, पुलिस का मॉक ड्रिल; सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
हमला कर किया था घायल
कार्रवाई के दौरान कुणाल केसरी नामक व्यक्ति, जो अपने काम से लौट रहे थे, चंदवे चौक के पास आरोपियों के हमले का शिकार हो गए। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद पीड़ित ने पिठोरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
लगातार दबिश के बाद गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इसे बड़ी कामयाबी बताया है। थाना प्रभारी के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी से न केवल एक फरार आरोपी पुलिस के शिकंजे में आया है, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के बीच भी खौफ का माहौल बना है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।