Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के कारण मिडिल-ईस्ट में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। इसी बीच झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र से तीन छात्र ईरान की राजधानी तेहरान में फंसे हुए हैं, जिससे उनके परिजन बेहद चिंतित हैं। जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद के सैयद टोली मोहल्ला निवासी सैयद जिशान हुसैन, सैयद सलमान हुसैन और जिशान हुसैन उच्च शिक्षा के लिए तेहरान गए थे। मौजूदा हालात के कारण वे वहीं फंस गए हैं। परिजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि उनके बच्चों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाने की व्यवस्था की जाए।
यह भी पढ़ें: रांची के रातू में हाथी का कहर, एक की मौत, एक गंभीर घायल; इलाके में दहशत
हुसैनाबाद में कैंडल मार्च
इधर, पलामू जिले के हुसैनाबाद शहरी क्षेत्र में रविवार रात करीब 8 बजे मुस्लिम समाज के लोगों ने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनई की कथित हत्या के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। जुलूस की शुरुआत सदर इमामबाड़ा से हुई, जो मुख्य बाजार, गांधी चौक और अंबेडकर चौक होते हुए जेपी चौक पहुंचकर शोकसभा में बदल गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि दमनकारी ताकतों के खिलाफ दुनिया को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि खामेनई की शहादत से ईरान का मनोबल कमजोर नहीं होगा और अंततः न्याय की जीत होगी। फिलहाल परिजन अपने बच्चों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं और सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।