Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिले में रामनवमी को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सोमवार शाम एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में पाटन प्रखंड के करीब दो दर्जन गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल ने गांव-गांव जाकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
कई गांवों में पहुंची पुलिस
फ्लैग मार्च पाटन थाना से शुरू होकर सेमरी, केल्हार, भंडार टोला, सगुना, कुंदरी, बसदह, पाल्हेकला, गम्हेथा, सुठा, लोइंगा, मनिका, किशुनपुर, सिरमा, संडा, कारीहार, हिसरा बरवाडीह, कांकेकला, बरसैता और सिक्किकला समेत कई गांवों तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। एसडीपीओ ने लोगों से अपील की कि सभी समुदाय मिलकर भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने साफ किया कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष बनीं दीपिका बेसरा, निर्विरोध जीतीं चुनाव
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
पुलिस निरीक्षक सुरेश कुमार मंडल ने जवानों को सख्त निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी को अलर्ट रहने और हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर खास नजर रखी जा रही है। किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार पर कड़े नियम लागू
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दिन सभी नियम सख्ती से लागू होंगे और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुहर्रम के दौरान हुई झड़प को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस पहले से ज्यादा सतर्क है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। व्यापक सुरक्षा इंतजामों के साथ पलामू प्रशासन रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।