Samachar Post रिपोर्टर, बिहार: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित मघड़ा गांव में प्राचीन शीतला माता मंदिर में भगदड़ मचने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई श्रद्धालु घायल हो गए। मृतकों में 7 महिलाएं शामिल बताई जा रही हैं। यह हादसा शीतला अष्टमी पूजा के दौरान हुआ, जब मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए। भीड़ के दबाव में कई लोग नीचे दब गए, जिससे 9 लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूर-दराज से पहुंचे थे श्रद्धालु
शीतला अष्टमी के मौके पर इस मंदिर में हर साल बड़ा मेला लगता है। यहां बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार, शीतला माता की पूजा से चर्म रोग और बच्चों की बीमारियों से मुक्ति मिलती है। इस दिन खास परंपरा के तहत एक दिन पहले ही भोजन बनाकर ‘वासी भोग’ के रूप में माता को अर्पित किया जाता है। मघड़ा गांव में मेले के दिन चूल्हा नहीं जलाया जाता और लोग पहले से बना भोजन ही प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
यह भी पढ़ें: नवादा में सनसनी: पेड़ से बंधा मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।