Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी योग क्षमता का दम दिखाया। नई दिल्ली के आनंद धाम आश्रम, बक्करवाला में आयोजित अस्मिता योगासन महिला लीग (नेशनल) 2025-26 में राज्य की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक और पुरस्कार दोनों हासिल किए। 18 वर्ष से ऊपर के आयु वर्ग में आकांक्षा कुमारी और पम्मी कुमारी की जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और संतुलन का प्रदर्शन किया और 90.18 अंक के साथ राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए दोनों खिलाड़ियों को रजत पदक और ₹24,000 का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें :झारखंड में 1 अप्रैल से शुरू होगा जनगणना का पहला चरण, घर-घर जाकर जुटाई जाएगी पूरी जानकारी
ग्रुप इवेंट में भी दिखा दम
आर्टिस्टिक ग्रुप स्पर्धा में झारखंड की टीम ने 92.84 अंक के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में पम्मी कुमारी, आकांक्षा कुमारी, अनुपा किंडो, निधि कुमारी और कोमल राय शामिल थीं। वहीं, कशक कच्छप और माही कुमारी की जोड़ी ने भी पांचवां स्थान हासिल किया।
पदाधिकारियों और नेताओं ने जताया गर्व
झारखंड योगासन खेल संघ के पदाधिकारियों ने इस सफलता पर खुशी जताई। संघ के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि बेटियों ने राष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन किया। मुख्य सलाहकार बिपिन पांडेय, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह और संयुक्त सचिव मलय डे ने खिलाड़ियों की मेहनत की सराहना की। रांची के कई गणमान्य लोगों ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी, जिनमें जिला अध्यक्ष डॉ. संतोषी साहू, संतोष शर्मा, बृजेश सिंह, कुणाल कुमार और जिला सचिव डॉ. एस.के. घोषाल शामिल थे।
Reporter | Samachar Post