Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र स्थित टिमड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई सुकरा महतो की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक शूटर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास महतो (26), बिनोद महतो (23), रामप्रसाद महतो उर्फ छोटू (24), सिकंदर महतो उर्फ सचिन (28) और रामू महतो (24) शामिल हैं। सभी आरोपी टिमड़ा गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार विकास महतो ही इस हत्याकांड का शूटर है, जिसने सुकरा महतो को गोली मारी थी। इसकी जानकारी जिले के एसपी मनीष टोप्पो ने दी।
छह मार्च की रात हुई थी हत्या
एसपी ने बताया कि 6 मार्च की रात टिमड़ा गांव में अपराधियों ने गोली मारकर सुकरा महतो की हत्या कर दी थी। घटना के बाद पीड़ित परिवार की शिकायत पर कर्रा थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: IAS-IPS की कथित ऑडियो पर विधानसभा में हंगामा, सरकार बोली- रिकॉर्डिंग मिलेगी तो होगी जांच
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि सुकरा महतो के ससुर का कोई बेटा नहीं था। उन्होंने अपनी लगभग 17 एकड़ जमीन अपनी दो बेटियों के नाम कर दी थी, जिनमें एक बेटी सुकरा महतो की पत्नी है। जमीन मिलने के बाद सुकरा महतो अपने परिवार के साथ टिमड़ा गांव में रहने लगे थे। आरोपियों को यह बात पसंद नहीं थी और वे मानते थे कि जमीन बेटियों के नाम नहीं होनी चाहिए थी। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और मामला अदालत तक पहुंच गया। अदालत का फैसला सुकरा महतो के पक्ष में आया, लेकिन इसके बाद भी आरोपियों की नाराजगी खत्म नहीं हुई।
बेटे पर भी की गई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मिलकर सुकरा महतो और उनके परिवार को खत्म करने की साजिश रची। इसी योजना के तहत 6 मार्च की रात सुकरा महतो को गोली मार दी गई। इस दौरान उनके बेटे अर्जुन मुंडा को भी गोली लगी, हालांकि वह बच गया। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जंगल से बरामद हुआ हथियार और बाइक
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया एक देसी कट्टा और एक अपाची बाइक (JH 23A-3806) जंगल से बरामद की है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।