Samachar Post रिपोर्टर, खरसावां : झारखंड के खरसावां थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हाइवा वाहनों को जब्त किया है। आमदा ओपी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में बालू माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस को लगातार अवैध बालू ढुलाई की शिकायतें मिल रही थीं। इसी बीच सूचना मिली कि दो हाइवा वाहन अवैध रूप से बालू लेकर बड़ाबाम्बो की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही आमदा ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को रोक लिया।
यह भी पढ़ें: रांची में रामनवमी की धूम: मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब, तपोवन मंदिर बना आस्था का केंद्र
जांच में अवैध ढुलाई का खुलासा
जांच के दौरान दोनों हाइवा में बिना अनुमति बालू लदा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आमदा ओपी परिसर में खड़ा कर दिया। ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा है। खासकर रात के समय भारी वाहन बालू लेकर गुजरते हैं, जिससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान होता है बल्कि सड़कों की स्थिति भी खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने की सख्ती की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
कार्रवाई से माफियाओं में दहशत
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।