Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नान्टु सैनी उर्फ मन्टु सैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 25 मार्च की रात मानगो थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार, मार्च 2021 में आपसी विवाद के दौरान इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदलता रहता था।
पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान छिपा ली थी। वह अलग-अलग राज्यों में रहकर लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। यहां तक कि उसने अपना पुराना घर भी छोड़ दिया और परिवार को भी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया था। पुलिस पिछले लंबे समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। खासकर पिछले डेढ़ साल से तकनीकी सेल की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी मानगो के सिटी इन होटल के आसपास देखा गया है।
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर में रामनवमी जुलूस के दौरान जनरेटर में आग, अफरा-तफरी के बाद स्थिति काबू में
संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा और मानगो थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की और बिना किसी हंगामे के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में सह-आरोपी राजकुमार सैनी को घटना के समय ही हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जांच आगे जारी
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस गिरफ्तारी को मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।