- भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर तिथि परिवर्तन; युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने का संकल्प
Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :मां भारती के अमर सपूत भगत सिंह, सुखदेव थापरऔर शिवराम राजगुरु के शहादत दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष 23 मार्च को आयोजित होने वाली शहीद सम्मान यात्रा सह अखंड तिरंगा यात्रा इस वर्ष 22 मार्च (रविवार) को निकाली जाएगी। बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए तिथि में बदलाव किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन में भाग ले सकें। आयोजकों के अनुसार वर्ष 2016 में जेएनयू में लगे कथित राष्ट्रविरोधी नारों के विरोध में शहर में ‘नमन तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत की गई थी। इस यात्रा का उद्देश्य देश की अखंडता, एकता और संप्रभुता के प्रति जनजागरण करना और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ में इस बार ऐतिहासिक होगा होलिका दहन, रथबड़ी मैदान में विशेष आयोजन
तैयारी बैठक में लिया गया संकल्प
साकची स्थित नमन परिवार कार्यालय में आयोजन की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने की। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहीदों के त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। वर्षों से यह आयोजन अनुशासित और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित होता रहा है, जिसमें सभी वर्गों, धर्मों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों की भागीदारी रहती है।
राष्ट्र निर्माण का आह्वान
नमन परिवार के संरक्षक और वरिष्ठ पत्रकार बृजभूषण सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, मार्ग, अनुशासन व्यवस्था और जनसंपर्क अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने का सामूहिक संकल्प दोहराया गया।
Reporter | Samachar Post